सैनिक की प्रतिमा खंडित होने पर विरोध जताते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर के तीतरो में सैनिक की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म, वह देश के जीता और मरता हैं। इस भावना को दरकिनार कर बृहस्पतिवार रात कुछ असामाजिक तत्वों ने गांव रादौर में लगी सीआरपीएफ जवान अरविंद कुमार की प्रतिमा को खंडित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के बाद देश विरोधी नारा और उनके बारे में आपत्तिजनक शब्द लिखे। प्रतिमा पर लगे तिरंगे को फाड़ कर राष्ट्रध्वज का अपमान किया। घटना का पता शुक्रवार सुबह उस समय चला जब अरविंद के पिता सुरेशपाल खेत में गए। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। अरविंद सीआरपीएफ में कांस्टेबल थे और 2016 में दिल्ली में वीआईपी सुरक्षा में उनकी ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई थी।
पैतृक गांव रादौर में उनकी अंत्येष्टि की गई थी और खेत पर प्रतिमा स्थापित की गई थी। इंस्पेक्टर तीतरो अरुण पंवार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जिले से भी विशेष टीम जांच के लिए पहुंच गई है। शहीद की प्रतिमा को दुरुस्त कराकर ससम्मान गारद सलामी के बाद पुन: स्थापित की जाएगी।