सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में अपने बेटे को डांट रहे ग्रामीण की पड़ोसी से कहासुनी हो गई। तैश में आए पड़ोसी ने फावड़े से हमला कर ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। परिजन आनन-फानन लहूलुहान ग्रामीण को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव उमाही कलां निवासी कविता पत्नी शिव कुमार ने थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसके पति शिव कुमार (40) मंगलवार की रात साढ़े दस बजे बाहर से घर आए थे। इसी दौरान वे अपने बेटे नितिन को पशुओं को चारा न डालने पर डांटने लगे तो पड़ोसी छोटू पुत्र ऋषिपाल वहां आ गया। वह पहले से ही उसके पति के साथ रंजिश रखता था। छोटू की उसके पति के साथ कहासुनी हो गई। वह अपने घर से फावड़ा लेकर आया और उसके पति के सिर पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
यह भी पढ़ें: Bipin Rawat: नहीं रहे सीडीएस बिपिन रावत, खबर सुनते ही गुरु हरवीर शर्मा को लगा गहरा सदमा
इसके बाद छोटू अपनी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। वह परिजनों के साथ अपने पति को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीण की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा है।
यह भी पढ़ें: भीषण आग से मचा हाहाकार : दुकान के भीतर जलती रहीं तीन जिंदगी, गूंजती रही बेबस परिजनों की चीत्कार
बताया गया कि शिव कुमार के परिवार में पत्नी के अलावा तीन छोटे बच्चे हैं। इनमें बड़े बेटे की उम्र 11 साल और छोटे बच्चे की उम्र केवल पांच साल है। उधर, एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पड़ोसी ने फावड़ा मार कर ग्रामीण की हत्या कर दी है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।