रंगदारी में पकडे़ गए आरोपी का खुलासा करते एसएसपी बबलू कुमार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर शहर के एक प्रमुख सराफ से बदमाशों ने फोन करके 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रंगदारी न दिए जाने पर सराफ और उसके परिजनों की हत्या करने की धमकी दी। रंगदारी की रकम देने के लिए बदमाशों ने सराफ को पेपर मिल रोड पर बुलाया। जहां से पुलिस ने तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
बुधवार को सुबह कोर्ट रोड स्थित एक सराफ के पास यमुना नगर से फोन आया जिसपर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। सराफ ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि पुलिस ने फोन को ट्रेस करना शुरू किया तो पता चला कि यमुना नगर से रंगदारी के लिए फोन किया गया है।
लेकिन बाद में शहर से रंगदारी के लिए फोन किया गया तो पुलिस ने तुरंत पकड़ने की तैयारी कर ली। रंगदारी मांगने वालों ने जल्दबाजी दिखाई और शाम को ही रुपया रेलवे पटरी पार खान आलमपुरा रेलवे यार्ड पेपर मिल रोड स्थित राज विहार पर मंगा लिया। सराफ आरोपियों को पैसा देने के लिए पहुंचा।
उसी समय स्वाट टीम प्रभारी संजय पांडे, सर्विलांस टीम प्रभारी जर्रार अहमद और नगर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राहुल निवासी मदनपुरी कालोनी चिलकाना रोड, नीरव मित्तल निवासी कुटिया वाला मंदिर बद्रीधाम कालोनी तथा मनोज गुप्ता निवासी वर्धमान कालोनी निकट भारत गैस गोदाम बताया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से रंगदारी मांगने में प्रयोग किए गए दो मोबाइल फोन, एक तमंचा, कारतूस, एक चाकू, बिना नंबर की एक बाइक, एक एक्टिवा स्कूटर बरामद किए हैं।