सहारनपुर के गांव सबदलपुर में सात साल की मासूम की रेप के बाद हत्या के मामले में नाकाम पुलिस अब संदिग्ध युवकों का डीएनए टेस्ट कराकर अपराधी की तलाश करेगी। पुलिस ने कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
सबदलपुर में 10 फरवरी की रात को रविदास जयंती कार्यक्रम में मंदिर से प्रसाद लेने गई सात साल की मासूम की अपहरण कर रेप के बाद हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस एक सप्ताह में 50 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है,
कई को अभी भी हिरासत में ले रखा है, लेकिन हत्यारे का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। जिससे पुलिस की काफी किरकिरी भी हो रही है। लोगों में भी मामले का खुलासा न होने पर आक्रोश बना हुआ है।
नाकाम पुलिस इस बार डीएनए टेस्ट कराकर हत्यारे को पकड़ने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार गांव से कई युवा तो जांच से बचने के लिए गांव से बाहर जा चुके हैं।
ऐसे में इस मामले का खुलासा किया जाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ युवकों के डीएनए टेस्ट करा भी चुकी है और कुछ के कराने की तैयारी है।
यही नहीं घटना के खुलासे के लिए पुलिस कई दिन से गांव में ही डेरा जमाए हुए है। एसएसपी लव कुमार का कहना है कि पुलिस की ओर से गांव के प्रत्येक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।