सहारनपुर के बड़गांव में बाइक लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों का पीछा करते हुए बड़गांव पुलिस एवं स्वाट टीम के साथ बदमाशों की ग्राम सहजी के पास मुठभेड़ हो गई।
दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी। जिससे वह गिर पड़ा। उसके गिरते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी गोली लगी है।
सोमवार की रात लगभग 12 बजे नानौता के मोहल्ला शेखजादगान निवासी इस्तखार बाइक से बड़गांव से घर लौट रहा था। कातला ईंट भट्ठे के समीप पीछे से काले रंग की एक बाइक सवार तीन बदमाश आए और इस्तखार को हथियारों से आतंकित करते हुए रोक लिया।
बदमाशों ने उससे बाइक लूट ली और भाग गए। इस्तखार की सूचना पर मल्हीपुर रोड पर रात्रि गश्त पर मौजूद बड़गांव पुलिस एवं स्वाट टीम ने बदमाशों का पीछा किया। टीम ने बदमाशों को ग्राम चंदपुर मजबता से ग्राम सहजी के निकट शब्बीरपुर मोड़ पर घेर लिया।
इस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। एक बदमाश के पैर में गोली लगी। साथी को गिरता देख शेष दो बदमाश उसे छोड़कर दूसरी बाइक से भाग खड़े हुए। पुलिसकर्मी राहुल के पैर में भी गोली लगी।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम थाना बेहट के गांव कादरपुर निवासी सतीश बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई मोटरसाइकिल एवं एक पिस्टल बरामद की ली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश सतीश एनकाउंटर में 11 सितंबर को ढेर हुए शमशाद का साथी है। उधर, टीम को एसएसपी बबलू कुमार ने दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
टीम में बड़गांव एसओ मुनेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी संजय पांडेय, एसआई संदीप, जितेन्द्र सिंह, मोहित कुमार, प्रभात कुमार, अफजाल, कुनाल मलिक, शमीम, अंकुर आदि थे।