सहारनपुर के बड़गांव के सांवतखेड़ी गांव में ससुराल में रह रहे युवक की शराब में जहरीला पदार्थ पिला कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, युवक के भाई ने उसकी पत्नी, सास और एक पड़ोसी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कराई है। बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव सवतखेड़ी निवासी सुखबीर सायसी की पुत्री सुशीला की शादी एक वर्ष पूर्व कोतवाली देवबंद के गांव रसूलपुर टांक निवासी करेशन के 25 वर्षीय पुत्र प्रदीप के साथ हुई थी।
प्रदीप शादी के बाद से ही अपनी ससुराल में रह था। उसके भाई राजेंद्र ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार रात प्रदीप को ससुराल के कुछ लोगों ने पहले शराब का सेवन कराया। अधिक नशा होने पर उसकी शराब के साथ जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या कर दी।
सुबह उन्हे हत्या का पता चला जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस पर सोमवार की सुबह पुलिस ने गांव पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने प्रदीप की पत्नी सुशीला, सास बाला देवी एवं एक पड़ोसी संगपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी रामप्रकाश ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है।
फिर भी मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है। पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।