नगर कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश कैंप में सोमवार को दिनदहाड़े एक फोटोग्राफर को गोली मारने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली कनपटी को क्रॉस करते हुए निकल गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए जबकि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला पैसों के लेनदेन को लेकर चली आ रही रंजिश का बताया गया है।
नुमाइश कैंप स्थित गोपाल नगर निवासी 35 वर्षीय अनिल अनेजा उर्फ काली फोटोग्राफी का काम करता है। अनिल के मुताबिक उसने नुमाइश कैंप निवासी लवली को डेढ़ लाख रुपये उधार दे रखा है। इसका तगादा करने के बावजूद काफी समय बीतने पर भी लवली पैसे नही लौटा रहा था। इसे लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था।
सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे अनिल जब नुमाइश कैंप छोटा चौक पर था तो लवली अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और चारों ने अनिल को घेरकर मारपीट शुरू कर दी।
पास में ही मौजूद अनिल के रिश्तेदार ने उसका बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों में से एक गगन ने तमंचा निकाल लिया और अनिल पर फायर झोंक दिया। पहला फायर तो मिस हो गया जबकि दूसरी बार फायर करने पर गोली अनिल के कान को जख्मी करते हुए निकल गई। दिनदहाड़े गोली चलने से नुमाइश कैंप में भगदड़ मच गई।
कुछ देर के लिए तो आसपास की दुकानें बंद होती चली गयी। इसी बीच चारों हमलावर वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में ले जाया गया। चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी गई।
थाना प्रभारी बीपी सिंह जाखड़ ने बताया कि चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।