नानौता। गंगोह रोड पर चोरों ने एक मोबाइल शोरूम में शटर उखाड़ कर दो लाख रुपये के मोबाइल, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की।
बुधवार की रात करीब दो बजे दो चोरों ने गंगोह रोड स्थित शिवा मोबाइल शोरूम का शटर उखाड़ कर दुकान में रखे करीब दो लाख रुपये से अधिक के मोबाइल, गल्ला उखाड़ कर 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना की पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
दुकान में चोर करीब आधा घंटा तक रहे। सुबह करीब 4:30 बजे घूमने के लिए निकले शोरूम मालिक अभय राणा पुत्र राजपाल सिंह निवासी खुड़ाना ने शोरूम का शटर उखड़ा देखा तो उसके होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस ने भी जांच की। व्यापार मंडल के जिला संयोजक राजीव नामदेव और नगराध्यक्ष सतीश चावला ने थाना पुलिस के समक्ष विरोध जताया।
व्यापार मंडल के जिला संयोजक राजीव नामदेव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने घटना का खुलासा एक सप्ताह में नहीं किया तो व्यापारी समाज आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस पर करीब साढ़े दस बजे पहुंची फोरेंसिक टीम ने सबूत एकत्र किए।
व्यापारियों राजपाल सिंह, राहुल, अंकुर जैन, संदीप जैन, चंकी अरोड़ा, शिवकुमार राणा, हिमांशु जैन आदि ने थाना पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाते हुए जल्द खुलासे की मांग की है। इस संबंध में एसओ ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।