सहारनपुर के देवबंद के मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने दामाद पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी विकेश की पत्नी आरती की बुधवार की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर देवबंद पहुंचे सहारनपुर निवासी परिजनों ने दामाद विकेश पर गला दबाकर आरती की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस हिरासत में विकेश ने बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व आरती से उसका विवाह हुआ था। उनके चार बच्चे हैं। वह कूड़ा बीनकर परिवार का पालन पोषण करता है।
कई माह पूर्व वह आरती को लेकर वैष्णो देवी गया था, जहां आरती को दौरा पड़ गया। तभी उसे आरती की बीमारी के बारे में पता चला।
बुधवार की सुबह भी उसे दौरा पड़ा, जिसके चलते मौत हो गई। उसने आरोपों को सिरे से नकार दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत कैसे हुई? पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर ही पता चल पाएगा।