बेहट में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी करने वाले एक शातिर ठग को इंदिरा कॉलोनी के लोगों ने पकड़ लिया।
उसकी जमकर धुनाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी से कई सरकारी महकमों की फर्जी मोहरें, पासबुक एवं अन्य कागजात तथा एक बाइक बरामद की है।
कुछ दिनों से एक युवक कस्बे के मोहल्ला खालसा एवं इदिरा कॉलोनी में आ रहा था, जो महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लालच देकर उनसे ठगी कर रहा था।
बताया गया है कि उसने कितनी ही महिलाओं से मकान आवंटन कराने, पेंशन बंधवाने और शौचालयों का निर्माण कराने के नाम पर दस-दस हजार रुपये ले रखे थे। महिलाओं के फर्जी कागजात भी तैयार कर रखे थे।
शुक्रवार को उसने महिलाओं को दो-दो हजार रुपये और देने के लिए कहा। इस पर इंदिरा कॉलोनी की कुछ महिलाओं को शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी कॉलोनी के ही कुछ लोगों को दी।
कॉलोनीवासियों ने महिलाओं के माध्यम से उक्त युवक को दो-दो हजार रुपये देने के बहाने पर शनिवार को बेहट बुलवा लिया। जैसे युवक कॉलोनी में पहुंचा तो भीड़ ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की।
ठगी का शिकार हुई बानो, चांदबीवी और सईदा ने बताया कि आरोपी युवक 15 दिन पहले उनके पास आया था और मकान बनवाने के नाम पर दो बार पांच-पांच हजार रुपये लिए। कॉलोनीवासियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने अपनी बाइक पर भी प्रशासन लिखवा रखा था।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए ठग ने अपना नाम कुलदीप पुत्र यशपाल निवासी दलहेड़ी, थाना बड़गांव बताया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कई सरकारी विभागों की फर्जी मोहरें, पासबुक व अन्य कागजात बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान ने बताया कि पकड़ा गया युवक बेहद शातिर ठग है, जो रामपुर थाने से भी ठगी के मामले में जेल जा चुका है।