बदमाशों ने बीती रात जाफरपुर रनियाली गांव की आबादी के बाहरी हिस्से में रह रहे एक दंपति पर धारदार हथियारों से लहूलुहान कर घर में नगदी, जेवर समेत अन्य सामान लूट लिया। घटना की सूचना के बाद कोतवाल और सीओ ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। एसपी देहात ने भी घटना स्थल पर पहुंच निरीक्षण किया। दंपति के गंभीर होने के चलते बदमाशों की संख्या और लूटे गए सामान की कीमत पता नहीं चल सकी है।
नकुड़ कोतवाली के जाफरपुर रनियाली गांव की आबादी के बाहर बुजुर्ग और दिव्यांग जसवंत सिंह अपनी पत्नि दर्शन कौर के साथ रहते हैं। मंगलवार रात किसी समय बदमाश उनके मकान में घुस गए तथा जसवंत और उनकी पत्नि दर्शन कौर पर धारदार हथियारों से हमलाकर उन्हें मरणासन्न स्थिति में पहुंचा दिया।
बदमाशों ने हमला इतनी बेरहमी से किया कि खून के छींटे फर्श और मकान की छत तक पर पड़े मिले। बदमाश दर्शन कौर के कानों के कुंडल भी झपटकर ले गए। इससे दर्शन कौर के कान फट गए।
घटना का खुलासा सुबह करीब पांच बजे उस समय हुआ जब गांव के लोग जंगल की ओर निकले तथा उन्होंने दंपति को कराहते हुए देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर पहले चौकी प्रभारी सुदेश कुमार मौके पर पहुंचे।
इसके बाद सीओ आरपी पाठक, कोतवाल संजय वर्मा डाग स्क्वायड और फोरेंसिक फिंगर प्रिंट दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर एक रिश्तेदार दंपति को निजी नर्सिंग होम में ले गए। शाम के समय एसपी देहात विद्या सागर मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा जानकारी हासिल की।
ग्रामीणों ने बताया कि जसवंत के कोई बेटा नहीं है। चार अगस्त को पंजाब में रहने वाले जसवंत के धेवते की शादी है। इसमें भात के रूप मे देने के लिए जसवंत ने सामान, जेवर और नगदी रखी थी। उसे बदमाश लूट ले गए। जसवंत के एक रिश्तेदार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। नुकसान का सही अनुमान अभी नहीं लग सका है। पुलिस अधीक्षक देहात विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि टीम गठित कर मामले की छानबीन में लगाया गया है।