सहारनपुर के देवबंद के बन्हेड़ा खास गांव में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर कर्मचारी से चाकू की नोक पर करीब 30 हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारी को चाकू मारकर घायल कर दिया और केबिन में तोड़फोड़ की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कांबिंग के दौरान एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसके पास 10 हजार रुपये बरामद हो गए, जबकि बाकी रुपये उसका साथी लेकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साल्हापुर गांव निवासी जोनी कुमार बन्हेड़ा खास स्थित किसान सेवा केंद्र के पेट्रोल पंप पर कर्मचारी है। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 1.30 बजे वह पेट्रोल पंप के केबिन में बैठा हुआ था। अचानक जंगल के रास्ते दीवार फांदकर दो बदमाश केबिन में घुस गए।
जोनी कुछ समझ पाता उससे पहले ही बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें जोनी घायल हो गया। विरोध करने पर बदमाशों ने सीज फायर (आग बुझाने वाले सिलेंडर) से जोनी पर फिर से हमला कर दिया। जिसमें वह बाल बाल बच गया। लेकिन सिलेंडर से किए हमले में केबिन में लगे शीशे और वहां रखी आलमारी टूट गई। बदमाशों ने जोनी को चाकू की नोक पर लेते हुए करीब 30 हजार रुपये की नगदी लूट ली और वहां से फरार हो गए।
बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने फोर्स के साथ बदमाशों की तलाश में जंगलों में कांबिंग की। कोतवाल के मुताबिक जंगल में काफी अंदर जाकर उक्त बदमाश एक पेड़ की आड़ लेकर बैठा हुआ था। जो पुलिस को देखकर भागने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल कर्मचारी जोनी ने भी उसकी पहचान कर ली है। बदमाश के कब्जे से लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये बरामद हुए हैं। जबकि शेष नगदी उसका साथी लेकर फरार हो गया। पूछताछ में गिरफ्त में आए बदमाश ने अपना नाम दीपक कुमार पुत्र मेहर सिंह निवासी बिजरौली मंगलौर बताया। उसके दूसरे फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना कर दिया गया है।