सहारनपुर के देवबंद में करीब डेढ़ माह पूर्व हुई उत्तराखंड के खिलौना व्यापारी पंकज राणा की हत्या गैंगवार के चलते हुई थी। रुड़की जेल में बंद कुख्यात बदमाश प्रवीण ने 3.5 लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या कराई थी।
पुलिस ने रविवार को हत्याकांड का साजिशकर्ता समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। रविवार को कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कोतवाल चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि गत 29 जनवरी को रुड़की गणेशपुर निवासी खिलौना व्यापारी पंकज राणा की चोंदाहेड़ी-झबरेड़ा मार्ग पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
उसकी पत्नी निधि राणा ने हरिद्वार निवासी व्यापारी राजकुमार सचदेवा पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि पंकज राणा की हत्या रुड़की जेल में बंद बदमाश प्रवीण वाल्मीकि ने सुपारी देकर कराई है।
रविवार को पुलिस ने हत्या में शामिल रामनावला थाना मंसूरपुर निवासी रूपेश त्यागी, संधावली थाना मंसूरपुर निवासी अमृतपाल और बधाई कलां चरथावल निवासी धर्मेंद्र को शुगर मिल रेलवे फाटक के समीप से गिरफ्तार किया है।
कोतवाल के मुताबिक तीनों बदमाश हत्या के लिए मिली सुपारी को बांटने की बात करने के लिए वहां इकट्ठा हुए थे। उन्होंने बताया कि पंकज राणा का भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई बार जेल जा चुका था।
रुड़की जेल में बंद प्रवीण वाल्मीकि से उसकी रंजिश थी। जिसके चलते प्रवीण ने रूपेश त्यागी से संपर्क कर पंकज को मारने के लिए साढ़े तीन लाख रुपये में सौदा तय कर लिया। पेशगी के तौर पर उसे 50 हजार रुपये भी दिए गए थे।
कोतवाल ने बताया कि हत्याकांड का चौथी आरोपी संधावली निवासी धीरज फरार है जिसे गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही बताया कि डेयरी संचालक राजेंद्र से रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्त में आया धर्मेंद्र पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने अमृतपाल के कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए।