सहारनपुर के बेहट में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ग्रामीणों को ई-रिक्शा, साइकिल और सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक पुरुष और एक महिला को गांव कादरपुर में ग्रामीणों ने दबोच लिया।
पुरुष की जमकर धुनाई करते हुए पुलिस को सौंप दिया। दोनों ने इस फर्जीवाड़े के पीछे कई और लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
कई दिन से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ई-रिक्शा, साइकिल और महिलाओं को सिलाई मशीन दिलाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ 600 से 2200 रुपये लिए जा रहे थे।
रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ वसूली कर रहे लोग अपने को किसी संस्था से जुड़ा होने की बात कह रहे थे। बृहस्पतिवार को इस संस्था से जुड़ी एक महिला और एक पुरुष गांव कादरपुर पहुंचे तो ठगी करने का पता चलने पर ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया।
पुरुष की की जमकर धुनाई की। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनकी संस्था का एमडी आदेश शर्मा नाम का व्यक्ति है, जो उनसे रजिस्ट्रेशन फार्म भरवा रहा है।
गांव कादरपुर के ग्रामीण खालिद, मुज्जमिल, रियाजुल, महबूब, अकरम, साजिद, इरशाद, इसरार, जमशेद और नादराना गांव के हाशिम एवं मुनफैद ने बताया कि उनसे ई-रिक्शा के नाम पर 2200-2200 रुपये लिए गए है।
इसके लिए कादरपुर के इनाम, मोबिन और नादराना के रहमान से साइकिल दिलाने के नाम पर 600-600 रुपये लिए गए है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ने पूरे क्षेत्र में इसी तरह से लाखों रुपये की ठगी की है।
बताया जा रहा है कि यह सामान श्रम विभाग से उन्हें दिलाएंगे। बेहट के हितेष विहार में ऑफिस होने की बात बताई है।बेहट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरएन यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दफ्तर के साथ साथ अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।