सहारनपुर में बेवफाई के शक में प्रेमी ने ही ग्राम बहलोलपुर की मौसम को मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई थी। अस्पताल में उपचार के बाद मौसम की मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का खुलांसा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
तीतरो थाना क्षेत्र के ग्राम बहलोलपुर में 8 मई को 32 वर्षीय मौसम पत्नी स्व. रोहताश पर उसके घर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। उपचार के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में 11 मई को मौसम की मौत हो गई थी।
मृतका के भाई लोकेश कुमार निवासी उमरपुर थाना थानाभवन जिला शामली ने ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। एसएसपी ने सोमवार को मामले का खुलासा किया है।
एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि तीतरो पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने घटना की जांच के बाद इस मामले में ग्राम लंढोरा मोड़ से नेत्रपाल निवासी ग्राम लंढोरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो नेत्रपाल ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
एसएसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया गया कि मृतका मौसम के पति की 6-7 वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। उसके और मृतका मौसम के बीच 3-4 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन पिछले महीने नेत्रपाल को एक फोन आया कि मौसम का पीछा छोड़ दे, अब वह उसकी हो गई है।
मौसम भी इस बारे में नहीं बता पाई। इसके बाद से ही नेत्रपाल को मौसम पर बेवफाई का शक होने लगा था। 7 मई की रात को नेत्रपाल बाइक से मौसम के घर पहुंचा और विवाद के उसे आग लगा दी थी।