सरसावा में पशु चिकित्सालय के पास बुधवार रात नौ बजे एक हिस्ट्रीशीटर को पीछे से पैदल आ रहे व्यक्ति ने गोली मार दी।
चीख सुनकर आए आसपास के लोगों की सूचना के बाद हिस्ट्रीशीटर को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। फायरिंग के पीछे किसी रंजिश को जिम्मेदार माना जा रहा है।
बुधवार रात करीब नौ बजे टीचर कालोनी निवासी सरसावा थाने का हिस्ट्रीशीटर मोबिन उर्फ लल्ला बाजार से अपने घर पैदल लौट रहा रहा था। रास्ते में पशु चिकित्सालय के पास किसी शख्स ने पैदल ही उसका पीछा किया और अंधेरे का फायदा उठाकर उस पर फायर कर दिया।
मोबिन को कमर के नीचे की तरफ गोली लगी और वह तड़पते हुए वहीं पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास अफरातफरी मच गई। चीख सुनकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक फायरिंग करने वाला फरार हो चुका था।
घटना पर पहुंचे लोगों ने सरसावा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मोबिन को सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि मोबिन के होश में आने के बाद ही फायरिंग की घटना पर कुछ कहा जा सकता है। बता दें कि मोबिन चेन स्नेचिंग से लेकर अन्य कई अपराधों में हिस्ट्रीशीटर रहा है। हरियाणा में उस पर कई मामले चल रहे हैं।