शहर के प्रमुख मोबाइल कारोबारी हिमांशु अरोड़ा हत्याकांड में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों के अनुसार वारदात के मास्टरमाइंड और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है। पहचान लेने पर हिमांशु को गोली मार दी थी।
हालांकि पुलिस अभी किसी भी गिरफ्तारी से इनकार कर रही है। मगर, पुलिस की प्रतिष्ठा से जुड़े इस हत्याकांड में मिली सफलता के बाद मंगलवार को खुलासा संभव है।
12 मई को हिमांशु अरोड़ा रात 11.30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर के लिए रवाना हुआ। पहले से घात लगाए बैठा शारदा नगर निवासी आकाश त्यागी अपने साथियों अंकुर, अमजद और एक अन्य के साथ उसके पीछे लग गया था। हिमांशु जैसे ही अपने घर के पास पहुंचा तो बदमाशों ने उसे घेर लिया। आगे स्कूटी पर उसके पिता लखपत राय अरोड़ा ने बदमाशों को देखते ही स्कूटी की ओर इशारा कर चाबी दे दी थी।
बदमाशों ने स्कूटी की डिग्गी में रखी नगदी को निकाल लिया। सूत्रों के अनुसार इस दौरान एक बदमाश के मुंह पर बंधा रुमाल खुल गया और पहचान के डर से उसने पास ही खड़े हिमांशु के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी थी।
हत्याकांड के बाद एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। जिसमें एक बदमाश का मुंह खुलने के बाद वह दौड़ता हुआ बाइक पर बैठा था। आपको बता दें कि 12 मई को चार बाइक सवार बदमाशों ने लूट के बाद मोबाइल कारोबारी हिमांशु की गोलीमार कर हत्या कर दी थी।
उधर, इस मामले में भाजपाइयों और व्यापारिक संगठनों ने पुलिस को तीन दिनों की मोहलत दी थी। कल समयसीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही थी। मगर, इससे पहले ही पुलिस को इस मामले में सफलता मिल गई है।
दुकान पर खरीदारों को देख बनाई थी योजना
सूत्रों की मानें तो इस वारदात का मास्टरमाइंड आकाश त्यागी मोबाइल खरीदने हिमांशु की दुकान पर आया था। इस दौरान उसने भीड़ देखकर उसने प्रतिदिन 10 लाख रुपए के कारोबार का आंकलन कर लिया था।
इसके बाद वह अपने साथियों के साथ कई दिन तक रैकी करता रहा। दुकान बंद करने के बाद हिमांशु और उसके पिता पैसे कहा रखते थे। घर पर जाने का समय और रैकी के बाद उसने तीन साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।
दो की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश ः लूट और हत्या की वारदात में चार बदमाश शामिल थे। पुलिस की गिरफ्त में इस वारदात का मास्टरमाइंड आकाश त्यागी और एक अन्य आ गया है। दो की तलाश में पुलिस लगातार ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि पुलिस फरार दोनों बदमाशों को पकड़ लेगी।
इस मामले में हमारी जांच चल रही है। पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में है। हम जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेंगे।
- आरपी सिंह यादव, एसएसपी
एसपी सिटी से मिले सीनियर सिटीजन
सहारनपर। मोबाइल व्यापारी हिमांशु अरोडा हत्याकांड के जल्द खुलासे की मांग को लेकर सीनियर सिटीजन वैलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने लगातार बिगड रही कानून व्यवस्था पर रोष जताते हुए कहा कि इसके चलते यहां से पलायन हो रहा है।
सोमवार को एसपी सिटी को सौंपे ज्ञापन में सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रमुख मोबाइल व्यवसायी हिमांशु अरोड़ा हत्याकांड से आम जनमानस डरा हुआ है। यह घटना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है। उन्होंने कहा कि जिले में लगातार बिगड़ रही कानून व्यवस्था के चलते यहां से काफी लोग देहरादून पलायन कर गए हैं।
पलायन करने वालों में अधिकांश उद्यमी और व्यापारी हैं। इसलिए जल्द ही इस घटना का खुलासा करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान केएल अरोड़ा, सीपी छाबड़ा, जगरोशन धीमान, प्रेमनाथ छोकरा, सुपनीत सिंह, केसी वालिया, पीके गांधी, पीके अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।