फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेढ़ घंटे तक तमंचाधारियों के पीछे हांफती रही पुलिस

Fri, 27 Nov 2015 12:27 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला अस्पताल के पास चर्च कंपाउंड में तमंचों से लैश दो बदमाशों के पीछे दो थानों की पुलिस करीब डेढ़ घंटे तक पीछे दौड़ी। मगर वे पुलिस जवानों को छकाते हुए सीढ़िय़ों, छतों से होते हुए भागते रहे। बाद में 18 फुट से ऊंची एक इमारत से रेलवे ट्रैक की ओर कूदकर फरार हो गए। पुलिस के जवान इन बदमाशों की तरह छत से कूदने की हिम्मत नहीं कर पाए। बदमाशों की इस भागदौड़ के बीच क्षेत्र के लोगों की सांसें अटकी रहीं। उनमें बदमाशों को लेकर दहशत बनी रही। पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि इन बदमाशों का इरादा क्या था।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल के निकट दो संदिग्ध युवकों के पहुंचने की सूचना पुलिस को मिली थी। कुछ लोगों की सूचना पर चौक पर लैपर्ड ड्यूटी पर तैनात थाना जनकपुरी के दो सिपाहियों ने हाथों मे हथियार लिए बदमाशों को चौक पार कर भागते देखा तो लैपर्ड भी उनके पीछे लग गयी। पुलिस से बचने को दोनों बदमाश चर्च कंपाउड एरिया में डॉक्टर मोहन सिंह वाली गली की ओर भाग गए।

इसी बीच जनकपुरी थाने से अन्य पुलिस जवान भी पहुंचे। पीछे दौड़ रहे पुलिस जवानों को छकाते हुए तमंचाधारी बदमाश क्षेत्र में डा. केएस त्यागी के मकान में जा घुसे। वायरलैस पर बदमाशों की सूचना प्रसारित होते ही थाना सदर बाजार पुलिस भी अलर्ट हो गई। सीढ़ियां चढ़ते हुए पुलिस ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, तो वे एक जगह से दूसरी जगह पर कूदते फांदते टीम को छकाते रहे।
विज्ञापन


इसी भागदौड़ के बीच इमारत की ओर बढ़ती पुलिस और घेराबंदी को देख 15  फुट से भी ऊंची इमारत से दोनों तमंचाधारी बदमाश नीचे मुहल्ला तकिया की ओर वाले रेलवे ट्रैक की ओर कूद गए। पीछे लगे पुलिस के जवान इतनी ऊंचाई से कूदने की हिम्मत नहीं कर पाए। रेलवे ट्रैक पर बदमाशों की घेराबंदी की कोशिश की गई। हालांकि तब तक बदमाश ट्रैक पार गए गए। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने पर दिल्ली पैसेंजर ट्रेन भी बीच में आ गई और दो थानों की पुलिस हाथ मलते ही रह गई। बदमाश ब्रजेश नगर की ओर फरार हो गए।

स्पाइडरमैन की तरह कूद गए बदमाश
थाना जनकपुरी और सदर पुलिस की टीमों की भागदौड़ के बावजूद बदमाश हाथ नहीं आ सके। हैरानी की बात यह रही कि 15 फुट से भी ऊंची इमारत से बदमाश स्पाइडरमैन की तरह कूद गए। पुलिस भी उनके इस कारनामे से हैरान है। माना जा रहा है कि ये बदमाश प्रोफेशनल स्तर के रहे जिन्होंने भागते समय इतना जोखिम उठाया।
एसपी सिटी बोले, कोशिश तो बहुत की मगर हाथ नहीं आए

एसपी सिटी महेंद्र सिंह यादव ने भी बाद में दोनों थानों से घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। इस घटनाक्रम के समय थाना जनकपुरी प्रभारी यशपाल सिंह मानवाधिकार आयोग से जुड़े कार्यक्रम में थे। एसओ का कहना है कि इस घटना के बाद क्षेत्र के किसी व्यक्ति की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। इसलिए अभी यह पता नहीं चल पाया है कि तमंचाधारियों का इरादा क्या रहा होगा।

बदमाश तो फरार हो गए, मगर दहशत छोड़ गए
चर्च कंपाउंड क्षेत्र के डा. मोहन सिंह,  केसी त्यागी, रमेश कुमार, संजय सहित अन्य ने कहा कि अच्छा होता अगर तमंचाधारी बदमाश पकड़े जाते। कम से कम उनके इरादे तो पता लगते। अब तमंचाधारी तो फरार हो गए।  क्षेत्र के लोगों में अब तक अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है। कुछ ऐसी भी चर्चाएं रहीं कि शायद ये बदमाश किसी युवक को निशाना बनाने की कोशिश में थे।

पुलिस प्लानिंग में भी रह गई चूक
बदमाशों का पीछा करते समय थाना जनकपुरी और सदर पुलिस यदि क्षेत्र के चारों ओर घेराबंदी का सही प्लान बना लेती तो शायद बदमाश पकड़े जा सकते थे। क्षेत्र के कुछ लोग दोनों थानों की पुलिस में तालमेल न होने की बात कहते रहे। एसपी सिटी का कहना है कि फरार हुए बदमाशों की तलाश जारी है। उन्हें हर हाल में पकड़ने की कोशिश की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें