महिलाओं का फर्जी समूह बनाकर फाइनेंस कंपनी से आठ लाख 21 हजार 516 रुपये की ठगी करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी अमित को पुलिस ने शनिवार को कस्बे से गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।
बता दें कि 16 जनवरी को प्राइवेट फाइनेंस कंपनी की बेहट शाखा के प्रबंधक संतोष कुमार ने बेहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नकुड़ क्षेत्र के गांव भैरमऊ निवासी अमित पुत्र रतिराम ने क्षेत्र की 47 महिलाओं का फर्जी समूह बनाकर आठ लाख 21 हजार 516 रुपये ऋण स्वीकृत कराकर यह धनराशि ली थी।
मामले का खुलासा तब हुआ था जब ऋण की किस्तें न चुकाने पर समूह में शामिल महिलाओं को नोटिस भेजे गए थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी अमित वांछित चल रहा था। शनिवार को बेहट पुलिस ने आरोपी अमित को बेहट कस्बे से गिरफ्तार कर चालान कर दिया।