सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शहर में सप्लाई किए जा रहे दूध की जांच के लिए दूधियों को रोककर दूध के नमूने लिए। टीम ने तीन सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला के लिए भेज दिए है।
सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने देहरादून रोड स्थित राकेश केमिकल चौकी के पास शहर में सप्लाई के लिए लाए जा रहे दूध के सैंपल लेने शुरू किए।
टीम को देखकर अधिकांश दूधिए रास्ते से वापस मुड़ गए और रास्ता बदलकर शहर में पहुंचने लगे। टीम दोपहर तक खड़ी रही, सिर्फ तीन लोगों के नमूने लिए।
ग्राम मोहम्मदपुर गाड़ा कैलाशपुर निवासी मुर्सलीन, ग्राम मांडेवा, हरोड़ा निवासी इस्लाम और पांडली, खुशहालपुर निवासी अरशद द्वारा शहर में सप्लाई के लिए जा रहे दूध के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए।
अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा सप्लाई के लिए लाया जा रहा दूध में मिलावट की आशंका नजर आई। जिसके चलते अलग-अलग लोगों से दूध के तीन नमूने लिए हैं।
टीम में उनके साथ मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार, विशाल गुप्ता, वरुण कुमार, संजीत कुमार, राहुल शुक्ला आदि शामिल रहे।