सहारनपुर में अस्पताल में मारपीट की जनकपुरी थाने में शिकायत कर लौट रहे कार सवार लोगों पर बाइक से आए कुछ लोगों ने गोलियां चला दीं। यही नहीं उन पर लाठी और तलवार से भी हमला किया गया। हमले में तीन लोग घायल हो गए।
एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है, वह बाजार में सब्जी खरीद रहा था। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण तनाव फैल गया। देर रात हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
सरसावा निवासी रविंद्र कोरी, बंटी बजरंगी, संदीप आदि मंगलवार शाम लगभग साढ़े सात बजे कार से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि जब वह लेबर कालोनी स्थित पुलिस चौकी के सामने पहुंचे तो बाइकों पर सवार लगभग 15-20 लोगों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया।
इस दौरान जमकर लाठी, डंडे, सरिया, तलवारें चलीं और फायरिंग की गई। जिससे कार में सवार रविंद्र कोरी और बंटी बजरंगी घायल हो गए। इसी दौरान वहां सब्जी खरीद रहे मानकमऊ निवासी मान सिंह के पैर में गोली जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। तलवारें चलने और फायरिंग होते ही वहां भगदड़ मच गई।
इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बाइक सवार फरार हो चुके थे। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि घायलों को उपचार दिलाने के साथ हमलावरों की तलाश की जा रही है।
उधर, पीड़ित रविंद्र ने बताया कि उनकी कार और एक साथी संदीप अभी तक नहीं मिला है। आशंका जताई कि हमलावर साथी संदीप का अपहरण कर सकते हैं। उधर पुलिस का कहना है कि संदीप के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। आरोपी पक्ष के दूसरे समुदाय से जुड़े होने के कारण तनाव फैल गया। देर रात हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। तनाव के चलते आसपास के थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई है।
यह है मामला
घायल सरसावा निवासी रविंद्र कोरी ने बताया कि मिर्जापुर स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी के छात्रों के दो गुटों में सोमवार को संघर्ष हो गया था। जिसमें कुछ छात्र घायल हो गए थे। उन छात्रों को वह लोग मंगलवार को जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के लिए लाए थे। आरोपियों को इस बात की भनक लग गई और उन्होंने जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही मारपीट शुरू कर दी। अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें किसी प्रकार बचाया था। मेडिकल कराने के बाद अस्पताल में घुसकर हमला किए जाने की तहरीर उन्होंने जनकपुरी थाना में दी। तहरीर देकर वह लोग घर जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।