कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर ठेके का विरोध, लोग डीसी दरबार तक पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा।
दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर-8 पर कमला नगर कॉलोनी के मुख्य द्वार के समीप शराब का ठेका खोलने का स्थानीय लोगों विरोध शुरू कर दिया है। नागरिकों ने मंगलवार को रेवाड़ी पहुंचकर सीएम विंडो के अलावा उपायुक्त को शिकायत देकर शराब का ठेका स्थानांतरित करने की मांग की है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका नहीं हटाया तो वे आंदोलन करेंगे।
भाजयुमो के पदाधिकारी मोहित यादव की अगुवाई में उपायुक्त कार्यालय में शिकायत देकर बताया कि जहां पर शराब का ठेका खोला जा रहा है व न केवल कॉलोनी का प्रवेश द्वार है अपितु बस स्टॉप भी है। बच्चों की स्कूल की बसों से लेकर लोकल बसों और ऑटो का स्टॉप है। कॉलोनी से स्कूल जाने वाले बच्चों की भी बसें यहीं पर आकर रुकती हैं। इस कारण ठेके की वजह से केवल माहौल बिगड़ेगा। बच्चों पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा। बच्चों को लेने के लिए इसी स्थान पर कॉलोनी की महिलाओं को जाना होता है। ठेका खुलने के बाद तो जाना बिल्कुल भी संभव नहीं होगा। कालोनी में एक चर्च भी है जिसमें भी आने-जाने का रास्ता यही है। ठेका खोले जाने की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हैं। उन्होंने बताया कि यहां पर शराब ठेका किसी भी सूरत में नहीं खुलने दिया जाएगा। कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि जब उन्होंने इसके बारे में विरोध जताया तो भी अभी तक कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। मंगलवार को स्थानीय लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर एक शिकायत सीएम विडो में भी दी है।
-------------------------
कॉलोनी के प्रवेश द्वार के समीप ही शराब का ठेका खोला जा रहा है। इससे माहौल भी बिगड़ेगा। इससे थोड़ा दूर खोल लिया जाए तो लोगों को एतराज नहीं है। बस स्टॉप और बच्चों की बसों का स्टाफ होने से यहां पर तो जाना भी मुश्किल हो जाएगा। - मंजेश कुमारी स्थानीय नागरिक।
------------------
कॉलोनी के पास खोले जा रहे ठेके की वजह से न केवल बच्चों पर बुरा असर पड़ेगा अपितु इसकी वजह से आए दिन झगड़े फसाद भी होंगे। सभी बच्चों की बसें भी यहीं आकर रुकती है। प्रशासन को चाहिए कि वह ठेके का यहां से स्थानांतरित कराकर लोगों की समस्या को समझे। ठेका स्थानांतरित नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
- शर्मिला देवी, नागरिक।
-----------------
प्रशासन से हमारी मांग है कि शराब ठेका कॉलोनी के पास बिल्कुल भी नहीं खोला जाए। इसकी वजह से आए दिन झगड़े फसाद होंगे और यहां के लोग परेशान हो जाएंगे। सबसे अधिक चिंता बच्चों की है क्योंकि तमाम स्कूलों की बसें यहां आकर रुकती है। - रेणु देवी, नागरिक।
---------------------
शराब ठेका खुलने से कॉलोनी का ही माहौल बिगड़ जाएगा और प्रशासन लोगों की समस्याओं का समझने की बजाय उनको हलके में ले रहा है। आसपास का पूरा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण हम घरों से भी नहीं निकल पाएंगी इसलिए प्रशासन इस मामले में लोगों की समस्या को समझकर कदम उठाए। - चंपा देवी, नागरिक।
-----------------
सरकार के नियमों के अनुसार शराब ठेका भले ही सही हो लेकिन यहां पर बच्चों और महिलाओं को कितनी अधिक परेशानी होगी इस बात को अधिकारियों द्वारा समझा नहीं जा रहा है। यह मुख्य बस स्टॉप होने के साथ आसपास की कॉलोनियों के लोग भी यहीं से आते-जाते हैं। - सुखवीर कुमार, नागरिक
-------------------
कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर पर शराब ठेका खोला जा रहा है। उससे कुछ दूरी पर एक स्कूल भी है। बच्चे यहीं से ही आते-जाते हैं ऐसे में सभी के लिए परेशानी पैदा हो गई है। इस संबंध में शिकायत भी दी गई है तथा प्रशासन मांग नहीं मानता है तो आला अधिकारियों के पास तक जाएंगे। - देशराज नागरिक।
---------------------