सहारनपुर के गंगोह में जेल में बंद कुख्यात बदमाश मुकीम काला के नाम से चिट्ठी डालकर एक किसान से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नही देने एवं पुलिस को बताने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी गई है।
चिट्ठी मिलने के बाद से किसान और उसका परिवार दहशत में है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की है। गांव वजीरपुर निवासी एक किसान ने कोतवाली में दी हरीर में बताया कि रविवार सुबह उन्हें घर पर एक चिट्ठी पड़ी मिली।
चिट्ठी में बदमाश मुकीम काला के नाम से 25 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई है। धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि यदि अपने दोनों पुत्रों की सलामती चाहते हो तो दस दिन के भीतर 25 लाख रुपये का इंतजाम कर लेना।
जब इंतजाम हो जाए तो अपने मकान के ऊपर हरे रंग का कपड़ा लगा देना। यह भी लिखा है कि यदि दस दिन के भीतर रुपये नहीं देने अथवा पुलिस को इस बारे में बताया तो हम समझेंगे कि तू मौत मांग रहा है।
धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद से पीड़ित परिवार के सभी लोग दहशत में है। कोतवाली प्रभारी योगेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच की जा रही है।
लखनौती गांव में चेकिंग कर लौट रहे जेई को बदमाशों ने मारपीट कर लूट का प्रयास किया। इस्लामनगर बिजली घर पर तैनात जेई विजय पाल सोमवार की दोपहर गांव में चेकिंग कर लौट रहा था।
कोतवाली गंगोह क्षेत्र के गांव पीरमाजरा और खैरसाल के बीच वह साइड में बाइक खड़ी करके लघुशंका करने लगे। इसी बीच पीछे से आए दो बदमाशों ने जेई को पकड़ लिया और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। इसी दौरान राहगीरों को आता देख बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। पीड़ित जेई ने तहरीर दी है।