सहारनपुर। खेत में मोबाइल टावर लगाने के नाम पर एक किसान से ढाई लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मंगलवार को पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत की।
गांव कुराली के किसान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मार्च 2016 में एक समाचार पत्र में नामी मोबाइल कंपनी के नाम से प्रकाशित विज्ञापन में खेत या किसी प्लॉट पर टावर लगवाने पर 70 हजार रुपये महीना देने की बात कही गई थी।
साथ ही एक मोबाइल नंबर भी संपर्क करने के लिए दिया गया था। उसने मोबाइल पर संपर्क कर अपने खेत में टावर लगवाने की इच्छा जताई, जिस पर कंपनी के लोग तैयार हो गए।
बताया कि कंपनी के कर्मचारी ने कभी 40 हजार तो कभी 50 हजार रुपये लेकर ढाई लाख रुपये उससे ले लिए। मई तक रुपये लेने का सिलसिला चलता रहा, मगर कुछ दिन बाद अचानक ही नंबर बंद जाने लगा।
इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए डीआईजी से गुहार लगाई, मगर आज तक न्याय नहीं मिला। मंगलवार को पीड़ित किसान अपने साथियों के साथ एसएसपी से शिकायत की है।