सहारनपुर में बेहट के मरवा गांव के एक आम कारोबारी ने क्षेत्र के ही दो लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उसे दिल्ली में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर 1.4 लाख रुपये लूट लिए और उसे बेहोशी की हालत में ट्रेन में बैठा दिया।
पीड़ित ने बेहट कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव मरवा निवासी हाजी अब्दुलर्रहमान आम कारोबारी है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह बीते रविवार को आम लेकर दिल्ली मंडी गया था।
उसके साथ दबकोरा और साढ़ौली कदीम निवासी दो लोग भी उसी के साथ गए थे। वहां उसने आम बेचकर एक लाख रुपये लिए। चार हजार रुपये उसके पास पहले से ही थे।
आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने के बाद 1.4 लाख रुपये लूट लिए और नशे की हालत में उसे वाया शामली होकर आने वाली ट्रेन में बैठा दिया। शामली आने पर उसे होश आया।
पीड़ित आरोपियों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना दिल्ली की है, फिर भी वे जांच कराएंगे।