बदमाश के साथ जानकारी देते एसपी देहात।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के थाना बड़गांव पुलिस ने गांव बड़ौली माजरा में नलकूप से हथियारों के सौदागर को दबोचकर कई हथियार बरामद किए है। पूछताछ में उसने पुराने हथियार सस्ते दाम पर खरीदकर महंगे दाम पर बेचने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस उससे गहनता से पूछताछ कर रही है। एसपी देहात जगदीश शर्मा ने पत्रकार वार्ता करते हुए घटना की जानकारी दी। एसपी देहात ने बताया कि बड़गांव थाना इंचार्ज कुलदीप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव बड़ौली माजरा निवासी रूप सिंह पुत्र चमन सिंह ने हथियार छिपाकर रखे हैं।
सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह टीम के साथ छापा मारकर रूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर खेत में बने ट्यूबवेल से एक रायफल 315 बोर, एक बंदूक 12 बोर, दो पोनी बंदूक 12 बोर, एक तमंचा 12 बोर बरामद किया है।
साथ ही आरोपी के विरुद्घ एफआईआर भी दर्ज कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह पुराने हथियार सस्ते दाम पर खरीदकर महंगे दाम पर बेचने का काम करता है।
बताया कि वह यह हथियार मुजफ्फरनगर से खरीदकर लाया था। एसपी देहात ने बताया कि इस धंधे में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं और वह कहां तक हथियार बेच चुका है। इसकी पूछताछ जारी है। आरोपी का कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। पकड़ने वाली टीम में कुलदीप सिंह, नरेंद्र कुमार, भोपाल सिंह, सुशील तोमर, गौरव राणा, मिथुन राघव थे।