नगर कोतवाली क्षेत्र में यूपी डायल 100 की गाड़ी पर तैनात सिपाही ललित की सोमवार देर रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि हो गई है। पुलिस ने उसकी कांस्टेबल प्रेमिका पर हत्या की आशंका जताते हुए उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस का मानना है कि महिला कांस्टेबल को शादी करने से रोकने पर उसने ललित की हत्या की है। सिपाही के परिजनों ने महिला कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बागपत के ग्राम नगला जाफराबाद निवासी ललित की लगभग 6 साल पहले शादी हुई थी और उसके चार साल का एक बेटा भी है। दो साल पहले ही सहारनपुर में ललित की तैनाती हुई थी। वह इस समय डायल 100 पर तैनात था। पत्नी और बेटा गांव में ही रह रहे थे, जबकि ललित सहारनपुर में अकेला ही रह रहा था। उसी समय बागपत के ही ग्राम बाघू निवासी कांस्टेबल रश्मि को भी यहां तैनाती मिली।
फिलहाल वह गागलहेड़ी थाने पर तैनात है। बताया जा रहा है कि पास के गांव के होने के कारण उन दोनों में जान पहचान हो गई। दोनों मोहल्ला हकीकत नगर में रह रहे था। 17 अप्रैल को दोनों ने मोहल्ला चर्च कंपाउंड में किराए का दूसरा मकान लिया और वहां पर 17 अप्रैल को अपना सामान लेकर शिफ्ट हो गए।
बताया जाता है 17 अप्रैल को सामान शिफ्ट करने के बाद ललित ड्यूटी पर चला गया और रात लगभग 8 बजे वह ड्यूटी करके नए कमरे पर पहुंचा। उसने अपनी मोटरसाइकिल मकान के बाहर ही खड़ी कर दी। रात लगभग साढ़े दस बजे मोहल्ले के एक व्यक्ति ने वहां रह रहे अन्य किराएदारों से बाइक मकान के बाहर खड़ी होने के बारे में पूछा और उसे अंदर करने के लिए कहा।
वहां रह रहे किराएदार अजीत और अश्वनी ने आवाज लगाकर ललित को बाइक अंदर करने के लिए कहा। ललित की आवाज तो नहीं आई, लेकिन सामने के कमरे में रहने आई रश्मि ने कहा कि वह ललित को बाइक अंदर करने के लिए भेज रही है।
थोड़ी ही देर में रश्मि ने अजीत, अश्वनी एवं एक अन्य युवक को आवाज लगाई कि ललित की तबियत खराब हो गई है, वह उठ नहीं पा रहा है, ऊपर आकर जरा उसकी हालत देखें। जब वह वहां पहुंचे तो ललित बेसुध पड़ा हुआ था। उन्होंने उसकी हालत गंभीर बताई, तो रश्मि उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां उसने बताया कि ललित ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही ललित के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ललित की हत्या की आशंका जताई और रश्मि पर ही हत्या का आरोप लगाया। पुलिस को भी आशंका है कि रश्मि को शादी से रोकने पर ही उसकी हत्या हुई है। रश्मि की शादी मेरठ में तय हुई थी। रश्मि शादी करना चाहती थी, लेकिन ललित उसे मना कर रहा था।
पुलिस पूछताछ के दौरान बार-बार बयान बदल रही थी रश्मि
पुलिस सूत्रों के अनुसार रश्मि पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की पूरी कोशिश कर रही थी। पहले उसने बताया कि सिपाही ने जहरीला पदार्थ खाया है, जिससे उसकी मौत हुई है। लेकिन, जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट उसके सामने रखी गई तो फिर उसने बयान बदल दिया।
उसने कहा कि ललित ने खिड़की से लटकर फांसी लगा ली है। पुलिस ने उसके बयान की तस्दीक के लिए जब जांच की तो पता चला कि खिड़की की ऊंचाई फर्श से मात्र पांच फिट है, जबकि ललित की लंबाई पांच फिट आठ इंच थी।
इसके बाद फिर उसने बयान बदला और पुलिस को बताया कि ललित ने उसके कुछ फोटो खींच लिए थे, जिसे वो उसके होने वाले पति को भेजने की धमकी दे रहा था। जिसको लेकर उनके बीच झगड़ा भी हुआ, जिसमें मोबाइल टूट गया। बहरहाल पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच्चाई से पर्दा उठ जाएगा।
बेहोश कर गला दबाकर हत्या करने की आशंका
सिपाही ललित को मारने के लिए पूरी प्लानिंग की गई। पहले सिपाही को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया गया, उसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई। हत्या करने के बाद उसे जमीन पर चादर बिछाकर लिटा दिया गया।
ललित की हत्या के मामले में पुलिस की सुई पूरी तरह से रश्मि पर आकर टिक गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बागपत के ग्राम नगला जाफराबाद निवासी ललित कसाना काफी समय से बागपत के ही ग्राम बाघू निवासी महिला कांस्टेबल रश्मि के संपर्क में था। ललित तो शाद्रीशुदा था, उसके 3 साल का एक बेटा भी है।
वह अकेला ही सहारनपुर में रह रहा था। उसने अपनी पत्नी अलका और बेटा आर्यन को गांव में रखा हुआ था। जबकि रश्मि की हाल में ही मेरठ में शादी तय हुई थी। 24 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। जिसके लिए उसने छुट्टी ले ली थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ललित उसे छोड़ना नहीं चाहता था और उसे शादी से रोकने का प्रयास कर रहा था।
मकान में रह रहे अन्य किराएदारों के अनुसार उन दोनों के अलावा मकान में कोई तीसरा व्यक्ति नहीं आया था। इसलिए पुलिस का संदेह पूरी तरह से रश्मि पर जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि पहले किसी तरह नशीला पदार्थ खिलाकर ललित को बेहोश किया गया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोबाइल टूटा हुआ मिला
पुलिस को ललित के कमरे से उसका मोबाइल टूटा हुआ मिला। पुलिस को आशंका है कि हो सकता है दोनों में छीना झपटी या फिर हाथापाई भी हुई हो। इस बारे में पुलिस रश्मि से पूछताछ कर रही है।
ललित को पुलिस अधिकारियों ने समझाया था
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों में काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने ललित को समझाया भी कि उसके चक्कर में अपने परिवार को बर्बाद न करे। पुलिस ने अधिकारी को तो बात समझ में आने का आश्वासन दे दिया। लेकिन वह उससे दूर नहीं हो पाया।