सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में बाइक सवार तीन बदमाशों ने साइकिल से गांव लौट रहे वृद्ध की आंखों में मिर्च का पाउडर झोंककर नोटों से भरा थैला लूट लिया। वृद्ध के शोर मचाने पर आसपास खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीण बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीणों को देख बदमाश एक खेत में छिप गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी फरार हो गया।
गांव मुंडीखेड़ी निवासी जयपाल सोमवार शाम करीब पांच बजे बैंक से 25 हजार रुपये निकालकर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था। गांव जगरौली के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने जयपाल की आंखों में मिर्च का पाउडर डाल दिया और नोट से भरा थैला लूट कर फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा किया।
पीछा होता देख बदमाश एक सरसों के खेत में छिप गया, जिन्हें ग्रामीणों ने चारों ओर से घेर लिया और पुुलिस का सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खेत में छिपे दो बदमाशों को दबोच लिया। बदमाशों से पुलिस ने नोटों से भरा थैला भी बरामद कर लिया। पकड़े गए दोनों बदमाश सतेंद्र पुत्र कर्म सिंह, अंकित पुत्र महावीर निवासी सुल्तानपुर थाना नकुड़ के रहने वाले हैं, जबकि उनका तीसरा साथी नीरज पुत्र पितम भी इसी गांव का रहने वाला है, जो मौके से फरार हो गया। जयपाल ने पुलिस को बताया कि जब वह बैंक से पैसा निकाल रहा था तो यह युवक बैंक में ही मौजूद थे।