नानौता चीनी मिल से बिना गेटपास के निकली मैली से भरी ट्रैक्टर-ट्राली।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किसान सहकारी चीनी मिल से मंगलवार की सुबह अवैध रूप से प्रेसमड (मैली) से लदी ट्राली को निकालने का प्रयास किया गया। किसानों की शिकायत पर जीएम ने सिक्योरिटी गार्ड को भेज कर ट्राली पकड़वा दी। बाद में गेट पास बनवाने पर ही ट्रैक्टर ट्राली को निकाला जा सका।
मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे क्षेत्र के किसान सहकारी चीनी मिल परिसर से एक मैली से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली बिना किसी गेटपास और मिल के सरकारी कागजातों में एंट्री किए बगैर निकाल दी गई। इसकी सूचना क्षेत्र के कुछ जागरूक किसानों को हुई तो उन्होंने मिल अधिकारियों को अवगत कराते हुए इस मामले की जांच कराने की बात कही।
उधर, मामले की गंभीरता समझते हुए चीनी मिल जीएम द्वारा तुरंत सिक्योरिटी गार्ड को मैली से भरी ट्राली को पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली को करीब आधा किलोमीटर दूर जाकर पकड़ लिया गया। ट्रैक्टर चालक महताब द्वारा गेट पास बनवाया गया तब जा कर सुबह 8:15 बजे ट्रैक्टर-ट्राली दोबारा चालू हो सकी।
इस संबंध में जब डिस्टलरी के गेटपास इंचार्ज दिवाकर रस्तोगी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उक्त प्रेसमड का ठेका अमित राठी नाम के युवक के पास है। इनका चालक बिना गेटपास बनवाए ट्रैक्टर ट्राली लेकर निकल गया था, जिसका अब गेटपास बना दिया गया है।
इस संबंध में चीनी मिल जीएम विनोद कुमार का कहना था कि ठेकेदार द्वारा उक्त प्रेसमड (मैली) का पैसा जमा कराया गया है वह अपनी मैली को कभी उठवा सकता है। उन्होंने बताया कि नया चालक होने के कारण वह गलती से बिना गेटपास बनवाए ही मैली की ट्राली लेकर निकल गया था, जिसे सिक्योरिटी गार्ड द्वारा रोककर गेटपास बनवाया गया है।