सहारनपुर की गंगोह कोतवाली पुलिस ने हरियाणा से तस्करी करके लाई जा रहे 28 गोवंश और 15 भैंसों को ला रहे कैंटर को तीतरो रोड स्थित एक सलाटर हाउस के पास से धर दबोचा। इसमें सभी पशु मृत पाए गए हैं।
हरियाणा से तस्करी करके गोवंश लाने का सिलसिला तो थमने का नाम ले ही नहीं रहा था। अब तस्करों ने मृत पशुओं को लाने का कार्य शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि गोवंश तस्कर अब पशुओं को नशे का इंजेक्शन लगाकर उन्हें बेहोशी की हालत में कैंटर में ठूस-ठूस कर भरते हैं। इससे रास्ते में ही दम घुटने से पशुओं की मौत हो जाती है।
शनिवार को भी आरोपी एक कैंटर में लादकर 28 गोवंश और 15 भैंसों को लेकर आ रहे थे। ठूस-ठूस कर भरे होने के कारण सभी की मौत हो गई। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका के सलाटर हाउस के पास ट्रक को रोक कर चालक से पूछताछ की मामले का पता चला।
पुलिस ने पूछताछ के बाद मौके पर ही पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीरेंद्र को बुलवाकर पोस्टमार्टम कराने के बाद सलाटर हाउस के समीप ही मृत पशुओं को दफना दिया।
इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और अंतरराज्यीय पशु तस्करी अधिनियम के तहत मुकदमा कायम करके कार्रवाई शुरू कर दी है।