सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला एकता कॉलोनी में शादी टूटने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने अपने फुफेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फरार होने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के मोहल्ला एकता कॉलोनी स्थित कुरैशियान मस्जिद निवासी नसीम का 19 वर्षीय पुत्र वसीम नाले के पास अपने दोस्तों के साथ था। उसी दौरान उसके ममेरे भाई बाबू उर्फ तस्लीम तथा मुस्तकीम वहां पहुंचे। दोनों का वसीम से उसकी शादी टूटने को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बड़ा कि उनमें हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान बाबू ने अपनी जेब से चाकू निकालकर वसीम पर हमला कर दिया। चाकू वसीम के सीने में जा धंसा। चाकू लगते ही वसीम जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद भगदड़ मच गई। आरोपी चाकू मारने के बाद फरार हो गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को लेकर अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने वसीम को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी और जगह-जगह टीमों को भेजा गया। जिस पर फरार होने का प्रयास कर रहे बाबू और मुस्तकीम को पुलिस ने फव्वारा चौक पर दबोच लिया।
इस मामले में मृतक वसीम के पिता नसीम ने आरोपियों के खिलाफ कुतुबशेर थाना में हत्या में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों से इस मामले में पूछताछ कर रही है।
19 साल के वसीम की हत्या का आरोपी 20 वर्ष का
पुलिस के अनुसार मृतक वसीम की उम्र मात्र 19 वर्ष थी। जबकि हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए बाबू उर्फ तस्लीम की उम्र 20 वर्ष है। दोनों ही युवा हैं और दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं।
वसीम की शादी टूटने के बाद हो गया था मनमुटाव
कुतुबशेर थाना प्रभारी योगेश शर्मा ने बताया कि शब्बू उर्फ काला उर्फ वसीम की शादी लगभग कुछ माह पूर्व बाबू की बहन के साथ तय हो गई थी, लेकिन एक मामले में वसीम जेल चला गया। जिसके चलते 15 दिन पूर्व बाबू एवं उसके परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया। बाद में वसीम जेल से बाहर जिस कारण दोनों परिवारों में मनमुटाव हो गया। इसी बात को लेकर बुधवार की शाम को वसीम और बाबू में आपस में विवाद हो गया।