सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में बेटे के जन्मदिन की पार्टी में सामान ले जाने के नाम पर एक ठग ने टैंट स्वामी से ढाई लाख रुपये के सामान की ठगी कर ली। ठग की काफी तलाश करने बाद कोई सुराग न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
रामपुर मनिहारान निवासी विपिन कुमार की नगर में ही जैन टैंट हाउस के नाम से दुकान है। 18 जुलाई को विशाल पुत्र वेदपाल नाम का एक युवक वहां पहुंचा उसने खुद को गांव जगरौली का रहने वाला बताते हुए अपने बेटे की 19 जुलाई की जन्मदिन की पार्टी के लिए सामान बुक किया।
इसके बाद वह करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का समान एक छोटे हाथी वाहन में भरकर अपने साथ लिवा ले गया। 20 जुलाई की सुबह जब विपिन गांव में टैंट का सामान लेने पहुंचा तो, वहां इस नाम का कोई ग्रामीण नहीं मिला।
यह पता चलते ही विपिन के होश उड़ गए। प्रधान ने बताया कि इस नाम का कोई व्यक्ति गांव में नहीं रहता है। इसके बाद विपिन ने छोटे हाथी वाहन के चालक को पकड़ा, तो उसने बताया कि उक्त व्यक्ति ने उसका वाहन उत्तराखंड के थाना भगवानपुर के गांव रायपुर के लिए बुक किया था।
वह सारा सामान वहीं छोड़ कर आया है। विपिन चालक को लेकर रायपुर पहुंचा, लेकिन वहां भी विशाल नाम का कोई युवक नहीं मिला। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, एसओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके लिए थाना भगवानपुर पुलिस से भी संपर्क किया गया है।