सहारनपुर के देवबंद में कटान के बाद गोमांस को बिक्री के लिए ले जाते समय पुलिस ने भायला रेलवे क्रासिंग के समीप से दो आरोपियों को पकड़ लिया हैं।
उनके कब्जे से बाइक पर लदा 50 किलो मांस बरामद हुआ है। पुलिस ने मांस की चिकित्सक से जांच कराकर गोमांस की पुष्टि होने पर उसका सैंपल लैबोरेटरी भिजवा दिया है।
रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ लोग बाइक से गोमांस लेकर उसे कहीं बेचने जा रहे हैं। हरकत में आई पुलिस ने भायला रेलवे क्रासिंग के समीप वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान भायला की तरफ से बाइक पर कुछ लदा देख उसे रोकने का इशारा किया।
तलाशी के दौरान 50 किलो मांस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक कोतवाली लाकर जांच कराई गई तो पशु चिकित्सक ने उसे गोमांस बताया है। कोतवाल बिजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पुष्टि होने के बावजूद गोमांस को प्रयोगशाला भेजा गया है।
गिरफ्त में आए आरोपी गोमांस की बिक्री करने जा रहे थे। सीओ योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में प्रवेज उर्फ भूटानी पुत्र इरफान और आस मोहम्मद पुत्र नाजिम निवासी लबकरी हैं। दोनों के खिलाफ गोवध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं, गोकशी की बढ़ती घटनाओं पर हिंदू संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। हिंदू जागरण मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह, अमित धीमान, हिंदू स्वाभिमान समिति के प्रांत अध्यक्ष अभिषेक त्यागी, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संयोजक विकास त्यागी, पंकज त्यागी आदि ने पुलिस प्रशासन से गोहत्यारों पर रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की है।