देवबंद (सहारनपुर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित एक होटल पर मारपीट के मामले को देखने पहुंचे मंगलौर रोड पुलिस चौकी के दरोगा को होटल मालिक ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर घायल कर दिया।
इतना ही नहीं आरोपियों ने पुलिस के सामने तमंचे तक लहराए। बाद में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। जिनके कब्जे से एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
बुधवार की सांय करीब तीन बजे मिरगपुर गांव के कुछ युवक सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे स्थित अनुपम होटल में चंदा लेने के लिए पहुंचे थे। जिसको लेकर होटल मालिक रमेश कुमार के साथ उनकी कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस बीच अनुपम के बराबर में शुभम होटल चलाने वाला रमेश का भाई मंगलौर रोड पुलिस चौकी पर शिकायत लेकर पहुंचा।
तुरंत ही चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार एक सिपाही के साथ मामले को देखने अनुपम होटल पहुंचे। इस दौरान मौका पाकर मिरगपुर गांव के युवक तो वहां से फरार हो गए, जबकि दोनों होटलों के मालिक अपने साथियों के साथ दरोगा प्रमोद कुमार से उलझ पड़े। उन्होंने दरोगा का गिरेबान पकड़ लिया उसके साथ जमकर मारपीट की।
जिसमें वह घायल हो गया। बाद में जानकारी मिलने पर सीओ सुरेशपाल सिंह पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे और होटल मालिकों समेत तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा व तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके अलावा दरोगा के साथ मारपीट करने वाले एक व्यक्ति की तलाश में पुलिस ने प्रीत विहार के समीप एक मकान में छापेमारी भी की, लेकिन आरोपी फरार मिला।