सहारनपुर के रामपुर मनिहारान के थाना क्षेत्र के गांव बंबयाला में गश्त पर गए एक सिपाही को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। साथी सिपाही की जवाबी फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए। गंभीर घायल सिपाही को यूपी-100 से जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
रामपुर मनिहारान थाने की इस्लाम नगर चौकी पर तैनात सिपाही कपिल कुमार और सहेंद्र रविवार की रात 11 बजे गांव बंबयाला में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को उन्होंने रोकने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने सिपाहियों पर फायर झोंक दिया।
गोली सिपाही कपिल कुमार की टांग में लगी, जिसमें वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस पर सिपाही सहेंद्र ने खुद का बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की तो बाइक सवार बदमाश फरार हो गए।
इसके बाद उसने तुरंत एसओ प्रमोद कुमार को मामले की सूचना दी। तुरंत ही चुनहेटी फाटक पर तैनात यूपी-100 मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को लेकर जिला अस्पताल भर्ती कराया। सिपाही की हालात गंभीर बताई जा रही है। उधर, पुलिस ने बदमाशों की तलाश में क्षेत्र में कांबिंग शुरू कर दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।