फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां, बर्तन चोरी

Wed, 21 Dec 2016 12:56 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
मंदिर में चोरी की जानकारी लेती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
सहारनपुर के बेहट के श्री दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार की रात चोरों ने भगवान पार्श्वनाथ एवं बाहुबली भगवान की अष्टधातु से बनी दो मूर्ति, आठ किलो चांदी का सामान एवं दान पात्र का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
विज्ञापन


चोर मंदिर के बराबर में खाली पड़े प्लाट की पांच फीट की बाउंड्री वाल फांदकर मंदिर में दाखिल हुए। कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वायड एवं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने चोरों के संबंध में सुबूत जुटाए। एसपी देहात रफीक अहमद एवं सीओ विष्णुचंद गौतम ने भी मामले की जानकारी ली। 

मोहल्ला महाजनान स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में सुबह करीब छह बजे मंदिर के पुजारी भागचंद जैन और एक महिला श्रद्धालु उर्मिला जैन मंदिर पहुंचे। जैसे ही मंदिर के मेन गेट का ताला खोला तो अंदर अलमारी और दान पात्र का ताले टूटे पड़े थे।
विज्ञापन


उन्होंने इसकी जानकारी समाज के लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते कोतवाली पुलिस मौका ए वारदात पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पता चला कि चोर मंदिर की बराबर में उसके खाली प्लाट की पांच फीट ऊंची बाउंड्री वाल को फांद कर मंदिर की छत पर पहुंचे। छत पर स्थित जाल के सरिये काटकर अंदर मंदिर में दाखिल हुए। 

मंदिर से चोरों ने दो अष्ट धातु से बनी भगवान पार्श्वनाथ एवं बाहुबली भगवान जी की मूर्तियों को चांदी के सिंहासन एवं छत्र समेत चोरी कर लिया। इसके अलावा चांदी की बंदरवाल, चक्र, मंदिर में रखी अलमारी के लॉक तोड़कर उसमें रखे चांदी के बर्तन भी चुरा लिए। 

दान पात्र से करीब 50 हजार रुपये की नगदी चोरी होनी बताई गई है। डॉग स्क्वायड एवं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया। एसपी देहात रफीक अहमद एवं सीओ विष्णुचंद गौतम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जायजा लिया।

उधर, पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करते हुए शक के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरएन सिंह यादव का कहना घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। 

रामपुर मनिहारान। बेहट के जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना को लेकर जैन समाज के लोगों ने रोष प्रकट करते हुए पुलिस प्रशासन से इसके जल्द खुलासे की मांग की है।

पीठ बाजार में आयोजित जैन समाज की बैठक में भारतीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति के मंडल अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा कि जैन समाज के मंदिरों को दिन प्रतिदिन निशाना बनाया जा रहा है। इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शीघ्र खुलासे किए जाने की मांग की गई। जैन समाज के प्रधान विनोद जैन, पुष्पेंद्र जैन, सभासद सपन जैन, राहुल जैन, अंकुश जैन, प्रदीप जैन, अशोक जैन, मनोज जैन आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें