खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चकरोता रोड पर एक कार से उत्तराखंड के विकासनगर ले जाया जा रहा दो क्विंटल नकली पनीर जब्त कर लिया। जांच करने पर यह पनीर खाने योग्य नहीं पाया गया। टीम के मुताबिक गत्तों के कार्टन में रखा पनीर खट्टा, बदबूदार और सड़न वाला हो चुका था। नमूना लेने के बाद उसे गड्ढे में दबवा दिया गया। पनीर ले जाने वाले को हिरासत में ले लिया गया है।
त्योहारी सीजन में नकली पनीर बनाकर पड़ोसी राज्यों में सप्लाई की सूचनाएं मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे चकरोता रोड पर बेहट अड्डे के पास छापा मारा। यहां एक मारुति कार में गत्तों के आठ कार्टन में पैक कर लगभग दो क्विंटल पनीर उत्तराखंड ले जाया जा रहा था। विभाग के जिला अभिहित अधिकारी सुनील कुमार की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एमके त्रिपाठी, पीके वर्मा, सुधीर सिंह सहित अन्य ने पड़ताल की तो पता चला कि यह पनीर काफी खट्टा, बदबू वाला है।
डिब्बा भी काफी गंदा था। नगर कोतवाली पुलिस की मदद से पनीर जब्त कर लिया गया। सुनील कुमार और नगर कोतवाली प्रभारी बीपी जाखड़ ने बताया कि कार में पनीर ले जाने वाले फरमान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरमान रामपुर मनिहारान कस्बे का रहने वाला है। विभाग की ओर से पनीर के तीन नमूने लेकर जांच के लिए रखे गए हैं। जब्त किए गए पनीर को गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया गया।
उत्तराखंड और हरियाणा में होना था सप्लाई
कार में पनीर ले जाते पकड़े गए फरमान से पूछताछ में पता चला कि यह पनीर दशहरा, दीपावली जैसे त्योहारों के मद्देनजर उत्तराखंड के विकास नगर, देहरादून, हरिद्वार, हरियाणा के यमुनानगर और अंबाला जैसे शहरों में सप्लाई के लिए भेजा जाना था। कस्बे में ही कुछ दिन पहले से ही इसे तैयार कर सप्लाई की जा रही है। कार में ले जाया जा रहा पनीर विकास नगर ले जाना था।
सावधानी से खरीदें पनीर और मिठाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि दशहरा, दीपावली से लेकर अन्य त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की जांच के लिए ऐसी चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता पनीर हो या मिठाई, उसकी खरीददारी सावधानी से करें ताकि सेहत को कोई नुकसान न पहुंचे।