दोहरे हत्याकांड का एक आरोपी भागकर सपा नेता के घर में जा छिपा। पकड़ने पहुंची देहात कोतवाली पुलिस हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए घर में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। करीब आधा घंटा बाहर ही खड़े रहने के बाद पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। पुलिस के इस रवैये को लेकर पीड़ित पक्ष में रोष है। आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण ही हत्या के आरोपी खुले घूम रहे हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव ढमोला में चुनाव की रंजिश को लेकर एक पक्ष ने प्रधान पक्ष के लोगों पर फायरिंग कर दी थी। इसमें गुलफशां और गफ्फार की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि कई लोग चोटिल हो गए थे। पुलिस ने अनीस को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पीड़ित पक्ष की ओर से 16 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में पुलिस चार अन्य हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
अब तक पांच लोग जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि 11 हत्यारोपी अब भी फरार हैं। देहात कोतवाली पुलिस पर फरार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बना हुआ है। शनिवार की दोपहर पीड़ित पक्ष के लोगों ने हत्या के मुख्य आरोपी जुल्फान को नवाब गंज चौक पर कार से जाते देखा। उन्होंने तुरंत देहात कोतवाली पुलिस को फोन कर सूचना दे दी और हत्यारोपी का पीछा शुरू कर दिया।
पीछा होने की भनक लगते ही जुल्फान नवाब गंज के पास ही स्थित सपा नेता के घर के बाहर कार खड़ी कर अंदर जा घुसा। इस दौरान पीड़ित पक्ष के दर्जनों लोग भी वहां पहुंच गए और उसके निकलने का इंतजार करने लगे। करीब एक घंटे बाद देहात कोतवाली के दरोगा गुलाब सिंह भी मय फोर्स मौके पर पहुंचे, जो हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए सपा नेता के घर में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा सके। करीब आधा घंटे तक हत्यारोपी के बाहर निकलने का इंतजार कर पुलिस लौट गई।
नेता का इशारा मिलते ही लौटी पुलिस ः सहारनपुर। जिस समय पुलिस हत्यारोपी को पकड़ने के लिए नेता के घर के बाहर डेरा डाले हुए थी। उसी दौरान नेताजी के घर के भीतर से एक युवक बाहर आया, जो दरोगा गुलाब सिंह को जीप में से उतारकर किनारे ले जाकर अलग से बात करने लगा। इसके तुरंत बाद दरोगा अपनी टीम के साथ कोतवाली लौट गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक को उस नेता ने ही भेजा था।
नेता के इशारे पर ही पुलिस लौटी है। पुलिस के इस रवैये को लेकर पीड़ित पक्ष में रोष है। पीड़ित पक्ष के हाजी इंतजार प्रधान, हाजी गालिब, हाजी जब्बार, मुनव्वर ने पुलिस पर राजनीतिक दबाव के चलते हत्यारोपियों को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया। बताया कि वह मामले में एसएसपी से शिकायत करेंगे।
अधिकारी कहिन
ढमोला प्रकरण में हत्यारोपी के एक नेता के घर में छिपने तथा पुलिस के बिना गिरफ्तार किए लौटने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मामले में देहात कोतवाली से जवाब मांगा जाएगा। साथ ही फरार चल रहे सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए जाएंगे।
- प्रदीप कुुमार यादव, एसएसपी।