पत्नी की हत्या कर शव मकान में छिपाया
सहारनपुर। गांव चकहरेटी में पति ने हत्या करके पत्नी का शव खाली पड़े मकान में छिपा दिया और फरार हो गया। पुलिस ने विवाहिता के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तब शव बरामद हुआ। विवाहिता के हाथ पैर बंधे मिले तथा गले पर चोट के निशान मिले हैं। विवाहिता की हत्या क्यों की गई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
सीओ द्वितीय मुकेश मिश्रा ने बताया कि थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव मक्काबास निवासी सुरैया (23 वर्षीय) पुत्री कामिल की शादी 11 माह पूर्व थाना नागल क्षेत्र के गांव भीलवाड़ा निवासी अनवर पुत्र जमालुद्दीन से हुई थी। कामिल ने शनिवार को थाना जनकपुरी में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। कामिल ने बताया कि उसकी पुत्री और दामाद गांव चकहरेटी में किराए के मकान में रहते हैं। दोनों ही घर से गायब हैं। कामिल ने आशंका जताई कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने अनवर के पिता जमालुद्दीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक जमालुद्दीन ने कॉल करके अनवर से बात की, तो उसने बताया कि सुरैया की हत्या कर शव गांव में ही एक खाली पड़े मकान में छिपा दिया है। इसके बाद पुलिस ने खाली पड़े मकान से कंबल में लिपटा शव बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ का कहना है कि अनवर की गिरफ्तारी पर ही हत्या के कारण का पता लग पाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का सही कारण पता चलेगा। विवाहिता के पिता की ओर से तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।