देवबंद (सहारनपुर)। वर्ष 2013 में फल विक्रेता की मौत के बाद हुए बवाल में एसपी देहात के गनर से लूटी गई एके 47 मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जबकि दस आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच पहले ही चार्जशीट लगा चुकी है।
पांच वर्ष पूर्व अप्रैल माह में मोहल्ला नेचलगढ़ निवासी फल विक्रेता अफजाल की मौत हो गई थी। आरोप लगा था कि पुलिस का डंडा लगने से उसकी मौत हुई है। जिसके बाद लोगों ने अफजाल के शव को हाइवे पर जमकर बवाल काटा था। पुलिस की गाड़ियों और सरकारी गेस्ट हाउस में आगजनी करने के साथ ही पुलिस के ऊपर फायरिंग की गई। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने उस समय जनपद में तैनात रहे एसपी देहात रहे डा. अनिल मिश्रा के साथ साथ उनके गनर संदीप राघव पर हमला करते हुए उससे एके 47 लूट ली थी। इस मामले में पुलिस ने मोहल्ला पठानपुरा और लहसवाड़ा के दर्जनों नामजद और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन आज तक भी लूटी गई एके47 का कोई सुराग नहीं लगा। हालांकि बाद में यह मामला क्राइम ब्रांच के सुपूर्द कर दिया। वर्तमान में क्राइम ब्रांच मामले की जांच में जुटी हुई है। मंगलवार को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि एके47 लूट के मामले में नामजद फरार चल रहे आरोपी मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी शमशेर उर्फ पहलवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने उसे उसी के घर से दबोचा है। जबकि इससे पूर्व 10 आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच पहले ही चार्जशीट लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि अभी आगे की तफ्तीश चल रही है। मामले से जुड़े सभी लोगों को जेल भेजा जाएगा। उधर, सोमवार को युवती के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी शाहनवाज भी एके47 लूट के मामले में आरोपी है। पुलिस पूछताछ में मामला सामने आने के बाद खुफिया विभाग की टीम ने भी बंद कमरे में उससे कई घंटे पूछताछ की।