सरसावा (सहारनपुर)। हरियाणा से तस्करी कर यूपी में लाई जा रही शराब से भरे कैंटर को मंगलवार को सरसावा में पुलिस ने पकड़ लिया। जिसमें करीब साढ़े बारह लाख रुपये कीमत की 185 पेटी बरामद हुई। पकड़े गए चालक ने बताया कि वे शराब को लखनऊ लेकर जा रहे थे। उधर, आबकारी विभाग की निष्क्रियता को लेकर चर्चाओं का भी बाजार गर्म है।
पुलिस ने बताया कि दोपहर को हरियाणा की ओर से कैंटर आया। जिस पर पुलिस ने उसे जांच के लिये रोका, लेकिन कैंटर खाली मिला। लेकिन जब कैंटर के टायर लोड से दबे मिले तो पुलिस को शक हो गया तथा कैंटर की तलाशी ली गई। तस्करों ने कैंटर के फर्श के नीचे एक गुप्त स्थान बनाया हुआ था जिसमें रॉयल स्टैग ब्रांड की 185 पेटी बरामद हुई। एसओ यशपाल धामा ने बताया कि पकड़ी गई शराब यूपी में करीब साढ़े बारह लाख रुपये कीमत है। पुलिस ने कैंटर के चालक भंवर सिंह निवासी जिला चुरू राजस्थान एवं परिचालक राजेश फतेहाबाद हरियाणा को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में चालक ने बताया कि वे शराब को हिसार से लखनऊ लेकर जा रहे थे। लखनऊ पहुंचकर उन्हें किसी ओर चालक को गाड़ी सौंपनी थी। पुलिस ने मुकदमा लिखकर दोनों का चालान किया है।