रेलवे लाइन पर पड़ा मिला युवक का शव, सिर धड़ से अलग
देवबंद (सहारनपुर)। सैनपुर गांव के समीप रेलवे लाइन पर व्यक्ति का शव पड़ा होने से सनसनी फैल गई। युवक का सिर धड़ से अलग पड़ा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।
बुधवार को कोतवाली पुलिस को सैनपुर के ग्रामीणों से जानकारी मिली कि रेलवे लाइन पर किसी युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस ने लोगों से उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। कोतवाली के एसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि युवक की उम्र करीब 35 वर्ष है। जिसका सिर धड़ से अलग था। लग रहा है कि वह किसी ट्रेन से गिरा है। तलाशी में उसकी जेब से कुछ भी ऐसा नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। बताया कि युवक नीले रंग की जींस, नीले और काले रंग की शर्ट व सलेटी कलर की बनियान पहने हुए है। गले में रुद्राक्ष व दाहिने हाथ पर गोल टैटू गुदा हुआ है। इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।