सहारनपुर। सरकारी विभागों के खातों से फर्जी चेक एवं फर्जी हस्ताक्षर बनाकर सहारनपुर से ही बार-बार गबन के मामले सामने आ रहे हैं। हर बार एफआईआर दर्ज हो रही है। लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी भी मामले में गबन की धनराशि को बरामद नहीं किया है।
सहारनपुर में पिछले वर्ष अप्रैल में सर्वशिक्षा अभियान के तहत लगभग 70 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एफआईआर दर्ज कराई थी। दो दिन बाद ही नगर निगम में भी इसी प्रकार का मामला सामने आया। जब नगरायुक्त के फर्जी हस्ताक्षर कर लगभग 18 लाख रुपये खाते से निकाल लिए। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया, लेकिन बाद में मामला ठंडा पड़ गया। न तो उस मामले के मास्टरमाइंड को ही गिरफ्तार किया जा सका और न ही एक भी रुपये की बरामदगी ही हो सकी। लगभग एक करोड़ रुपये के गबन का राज आज तक फाश नहीं हो सका। एक बार फिर से भूमि अध्यापित अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर एवं फर्जी चेक लगाकर 2.66 करोड़ रुपये का गबन का मामला सामने आया है। यह भी एक माह पूर्व ही गबन हो चुका है। इस मामले में भी बैंकों के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक कर्मचारियों एवं विभाग के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।