दुष्कर्म के आरोपी की थाने में पिटाई, हंगामा
सहारनपुर। फेसबुक पर एक युवती की एक युवक से दोस्ती हुई। शादी का झांसा देकर युवक ने युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपी को 100 नंबर पर कॉल कर पकड़वा दिया और नगर कोतवाली में उसकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही पीड़िता ने आरोपी के परिजनों पर उसके साथ अभद्रता करने और मोबाइल फोन तोड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुराचार की रिपोर्ट दर्ज है, जिसमें गिरफ्तारी पर उसे स्टे मिला है।
महानगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने बताया कि मोहल्ला शहीदगंज निवासी एक युवक से फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती हो गई थी। इसके बाद युवक ने उससे मुलाकात की और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवक शादी करने की बात से मुकर गया और टाल-मटोल करने लगा। आरोपी के खिलाफ गत 23 फरवरी को दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। शनिवार को युवक के चिलकाना रोड पर होने की जानकारी मिली, जिस पर उसने 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को बताया। पुलिस के साथ ही पीड़िता मौके पर पहुंच गई और आरोपी को पकड़ लिया। बताया जाता है कि युवती ने मौके पर आरोपी की पिटाई कर दी। पुलिस जब आरोपी को थाने ले आई तो यहां भी पीड़िता ने आरोपी के गाल पर चांटे मार दिए। सूचना पर युवक के जान-पहचान के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। युवती का आरोप है कि युवक पक्ष के लोगों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया है। नगर कोतवाली प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि युवती ने अभी तहरीर नहीं दी है। दुष्कर्म के मामले में युवक को गिरफ्तारी पर स्टे मिला हुआ है। थाने में मारपीट करने के मामले में भी पुलिस कार्रवाई करेगी।