सहारनपुर। हत्याओं की वारदात जिले में थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। कुछ ऐसी भी घटनाएं हैं जो राज बनी हुईं हैं। हाल में ही पांच हत्याओं के मामले का पुलिस खुलासा करना नहीं कर पाई है। यही नहीं जांच भी ठंडे बस्ते में डाल दी है।
सहारनपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के शालीमार गार्डन में हाल में ही बुजुर्ग जगदीश चंद मित्तल की सिर में फट्टा मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, फोरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस ने नजदीकियों पर संदेह भी जताया। लेकिन किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। दो सप्ताह पूर्व मंडी कोतवाली क्षेत्र में सिर को धड़ से अलग कर युवक ब्रिजेश की हत्या कर दी गई और शव के श्यामनगर में फेंक दिया गया। पुलिस न तो हत्या का कारण तक पता नहीं कर सकी। अलबत्ता पुलिस ने एक दर्जन लोगों को थाने में बैठाकर कई दिन तक कई दिन तक पूछताछ की। लेकिन नतीजा नहीं निकला तो मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। चर्चित रहे राधिका हत्याकांड को लगभग 8 महीने होने को आए। पुलिस खास पर संदेह जताती रही। उससे हर तरह से पूछताछ भी की गई। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लग सका। ब्यूटी पार्लर संचालिका राधिका की हत्या राज बनकर रह गई। लगभग दस दिन पूर्व रामपुर मनिहारन-रामनगर मार्ग पर एक युवती की जलाकर हत्या कर शव फेंक दिया गया। पुलिस हत्याकांड का खुलासा करना तो दूर, उसकी शनाख्त तक नहीं करा सकी। दो दिन पूर्व ही एक विवाहिता की भी जलाकर एवं गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस हत्याकांड का न तो खुलासा ही कर पाई और न ही अभी तक आरोपियों से पूछताछ ही कर सकी।
जल्दी होगा हत्याकांडों का खुलासा
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि कुछ हत्याकांडों की गुत्थी अधिक उलझी हुई है। जिसको सुलझाने में समय लग सकता है। लेकिन अधिकांश का शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस जांच में जुटी हुई है।