सहारनपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के न्यू आवास विकास निवासी कारोबारी के खाते से तीन बार में एक लाख की नकदी निकाल ली गई। खाते से यह धनराशि पश्चिम बंगाल की दो महिलाओं के खाते में भेजी गई। दो महिलाओं को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
न्यू आवास विकास निवासी कुणाल कपूर का कहना है कि उनकी केके इंपैक्ट नाम से कंपनी है। कुणाल कपूर का कहना है कि उनका खाता सहारनपुर के चर्च कंपाउंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में है। जहां से 20 नवंबर को तीन बार में उनके खाते से एक लाख की नकदी ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई। पहली बार में 50 हजार ट्रांसफर हुए, फिर 45 हजार और तीसरी बार में 5 हजार की नकदी दूसरे खाते में ट्रांसफर की गई। इसका मैसेज उन्हें मिला तो उन्होंने बैंक शाखा जाकर संपर्क किया। उनके खाते से यह नकदी पश्चिम बंगाल के आसनसोल की नई बस्ती निवासी हुमा परवीन और शमशाद खातून एवं एक अन्य के खाते में ट्रांसफर की गई। बृहस्पतिवार को कुणाल ने आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली में आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।