महिला से पर्स लूटकर फरार हो गए बाइकर्स गैंग के बदमाश
गंगोह। बाइकर्स गैंग के दो बदमाश दिनदहाडे़ बाजार से घर लौट रही महिला का पर्स झपटकर फरार हो गए। पर्स में 4500 रुपये की नगदी और सोने की चेन थी। पीड़िता ने कार्रवाई की मांग की।
नगर के मोहल्ला कोटला निवासी शहनाज पत्नी नसीम एक अन्य महिला के साथ रविवार सुबह बाजार से घर लौट रही थी। जैसे ही वह मोहल्ला ईशरा में सत्यम की दुकान के करीब पहुंची तभी पीछे से बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उसके हाथ से पर्स झपट लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाती बदमाश उसकी नजरों से ओझल हो गए। उसने शोर मचाया तो वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पीड़िता ने बताया कि पर्स में करीब चार हजार पांच सौ रुपये की नगदी और डेढ़ तोला सोने की चेन थी। चोरी और झपट मारी की बढ़ती वारदातों में अचानक एक बार फिर बढ़ोतरी होती दिखाई दे रही है। एक माह के भीतर आधा दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी हैं। पुलिस इन वारदातों को गंभीरता से नहीं लेती। अभी तक एक भी वारदात का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। उधर, कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि गैंग को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही बदमाश सलाखों के पीछे होंगे।