सहारनपुर। मोहल्ला हुसैन बस्ती निवासी तहसीन खान ने अपनी पुत्रवधू और उसके सहयोगियों पर उसके छोटे बेटे की हत्या करने की आशंका जताते हुए उसका शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है।
तहसीन का आरोप है कि उसके छोटे बेटे शाहबेज खान का किसी बात को लेकर अपनी भाभी से विवाद हो गया था। उसने अपनी भाभी पर मुहल्ले में उनकी बदनामी किए जाने का आरोप लगाया था, जिससे उसकी भाभी गुस्सा हो गई थी। सात सितंबर को सोते समय संदिग्ध परिस्थितियों में शाहबेज की मौत हो गई। लोगों ने जल्दबाजी कर उसे दफना दिया। लेकिन, बाद में उसकी पुत्रवधू द्वारा किए गए षड्यंत्र का पता चला। उसे आशंका है कि उसके छोटे पुत्र की हत्या उसकी भाभी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर की है। उसे आशंका है कि सात सितंबर को जब उसका बड़ा बेटा एक गाड़ी पर हेल्परी के लिए लोनी चला गया तो उसकी पुत्रवधू ने शाहबेज की रात में सोते समय हत्या कर दी। इस मामले में तहसीन ने एसएसपी और डीएम से शिकायत कर उसके बेटे का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है, जिससे मौत की वजह का पता चल सके।