खनन सामग्री से भरे दो ट्रक और 12 बुग्गियां पकड़ी
चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना पुलिस ने यमुना नदी से अवैध रूप से खनन करके लाए जा रहे दो ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों ट्रकाें के चालकों का चालान किया है। उधर, गंगोह पुलिस ने ने भी रेत से भरी 12 बुग्गियां पकड़ी है।
थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार की रात घोड़ो पीपली रोड पर हरियाणा की तरफ से आ रहे दो ट्रकों को रोक कर उनकी तलाशी ली। एक दस टायरा ट्रक को गांव टिंडौली थाना नकुड़ निवासी इरफान पुत्र नेक मोहम्मद चला रहा था, जबकि छह टायरा ट्रक को इरफान का भाई अब्बास चला रहा था। दोनों ट्रकों में यमुना नदी से अवैध रूप से रेत भर कर लाया जा रहा था। दोनों ट्रकों को तिरपाल से ढक रखा था। पुलिस दोनों ट्रकों को थाने ले आई। एसओ ने बताया कि दोनों ट्रकों के चालक इरफान तथा अब्बास का 2/3 लोक संपत्ति निवारण अधिनियम तथा 4/21 खनन अधिनियम में मुकद्दमा दर्ज कर चालान किया है।
रात के अंधेरे में चल रहा अवैध खनन
चिलकाना
यमुना नदी के मंझार, टोडरपुर, गाजदीनपुर घाट पर हरियाणा की तरफ से खनन भरकर ट्रक घोड़ो पीपली के रास्ते सरसावा तथा चिलकाना की तरफ आते हैं। खनन करने वाले माफिया हरियाणा सरकार को रायल्टी देने की बात कहकर स्थानीय पुलिस को भ्रमित करते हैं तथा उससे सांठगांठ करके खनन से भरे वाहन सहारनपुर की तरफ भेज दिए जाते हैं। यमुना नदी से डीसीएम, टाटा मैजिक, छोटा हाथी आदि वाहनों में खनन भर कर लाया जा रहा है। पुलिस इन वाहनों की जांच बहुत कम करती है, जिसका लाभ खनन माफिया उठा रहे है और धड़ल्ले से खनन कर रहे है। खनन का कार्य भी रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक चलता है।