देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला पठानपुरा की एक महिला ने बेटी के ससुरालियों पर जबरन एक माह की बच्ची का शव छीनकर ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला पठानपुरा निवासी नवाब ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि उसने बेटी नाहिद का विवाह दस माह पूर्व मोहल्ला दगड़ा निवासी युवक के साथ किया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर उसकी बेटी को ताने देने लगे। कुछ दिनों पूर्व बेटी मायके आकर रहने लगी। करीब एक माह पूर्व उसने बेटी को जन्म दिया। लेकिन, बीमारी के चलते रविवार को उसकी मौत हो गई। आरोप है कि जब बेटी के ससुरालियों को इसका पता लगा तो वह उसके घर पहुंचे और जबरन बच्ची के शव को छीनकर ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, पुलिस ने दो दिन पूर्व बन्हेड़ा खास गांव में हुए झगड़े के मामले में ब्रजपाल की तहरीर पर गांव के नौशाद के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी। रविवार को पुलिस ने उसे एफआईआर में तरमीम कर दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर की है।
अभिरक्षा से फरार अपराधी पर रंगदारी मांगने का मामला दर्ज
देवबंद। वरिष्ठ चिकित्सक डा. पीयूष सनावर से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने अभिरक्षा से फरार हुए शातिर अपराधी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रेलवे रोड निवासी हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. पीयूष सनावर से कुख्यात बदमाश शमशाद ने फोन कर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिसके बाद डॉक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की थी। रविवार को पुलिस ने शमशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बता दें कि कई आपराधिक मामलों में देवबंद उपकारागार में बंद शमशाद को तीन दिन पूर्व उसके साथी पुलिसकर्मियों से मारपीट कर उस समय छुड़ाकर ले गए थे। जब पुलिस कर्मी उसे सहारनपुर कोर्ट से पेशी कराकर लौट रहे थे।